तिलवाड़ा से टिहरी के लिए रवाना हुए देश-विदेश के साइकिलिस्ट, 658 किमी की हिमालयन चुनौती का रोमांच जारी!!
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने फ्लैग ऑफ कर अगले चरण को दिखाई हरी झंडी, उत्तराखंड के साहसिक पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल!!
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड की हिमालयी वादियों में रोमांच और साहस का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित पंचम Ultimate Uttarakhand Himalayan MTB Challenge 2026 के तहत मंगलवार सुबह 7:30 बजे जीएमवीएन तिलवाड़ा से साइकिल रेस के अगले चरण का शुभारंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने फ्लैग ऑफ कर देश-विदेश से पहुंचे साइकिलिस्टों को टिहरी जनपद की कोटी कॉलोनी के लिए रवाना किया।
इस दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पहाड़ों की चुनौतीपूर्ण सड़कों, घुमावदार रास्तों और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच आगे बढ़ रहे साइकिलिस्टों का यह सफर उत्तराखंड के साहसिक पर्यटन को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां माउंटेन साइकिलिंग जैसे साहसिक खेलों के लिए बेहद अनुकूल हैं। ऐसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यटन स्थलों और साहसिक खेलों की संभावनाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को साहसिक खेलों के प्रति प्रेरणा मिलने के साथ ही उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान भी मजबूत होगी।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी साइकिलिस्टों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुरक्षित एवं सफल सफर की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन जनपद में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों और रोजगार की संभावनाओं को भी प्रोत्साहित करते हैं।
गौरतलब है कि Ultimate Uttarakhand Himalayan MTB Challenge 2026 के पंचम संस्करण में कुल 658 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस आयोजित की जा रही है। इसमें देश-विदेश के साइकिलिस्ट प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के विभिन्न पड़ाव उत्तराखंड के खूबसूरत पर्वतीय मार्गों से होकर गुजर रहे हैं। प्रतिभागियों को जहां कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में अपनी क्षमता और सहनशक्ति का प्रदर्शन करना पड़ रहा है, वहीं उन्हें हिमालयी प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से देखने का अवसर भी मिल रहा है।
इस आयोजन का उद्देश्य उत्तराखंड को माउंटेन साइकिलिंग और साहसिक पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। साथ ही प्रदेश के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित कर पर्यटन के नए अवसर विकसित करना भी इसकी प्रमुख मंशा है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश नेगी, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के डायरेक्टर वीएन सिंह, ज्वाइंट सेक्रेटरी शैलेंद्र पाठक, प्रसन्ना राउत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।