मेयर हाउस में पार्षदों की बैठक, सेवा संकल्प अभियान और शहर के विकास पर चर्चा
शहर का समग्र विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : मेयर सुमन बहमनी
16 सितंबर की हाउस बैठक में विकास कार्यों पर होगी विस्तृत चर्चा, जनहित के कार्यों को गति देने पर जोर
यमुनानगर। मॉडल टाउन स्थित मेयर हाउस में नगर निगम की मेयर सुमन बहमनी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा की अध्यक्षता में नगर निगम के सभी पार्षदों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के समग्र विकास, जनहित के कार्यों, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने को लेकर चर्चा की गई।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। उनके नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने सभी पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री का सेवा और समर्पण का संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा एवं समाजहित के कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि अभियान की अभियान के दौरान ,रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, जल संरक्षण, जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को जोड़ने के लिए सेवा शिविर तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा जरूरतमंद लोगों तक सेवा एवं सहायता पहुंचाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जनभागीदारी के साथ कार्य किया जाएगा। सभी पार्षदों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया गया। बैठक में सभी पार्षदों ने शहर के विकास और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए मिलजुल कर कार्य करने का भरोसा दिलाया।
फोटो कैप्शन - मेयर हाउस में पार्षदों की बैठक लेती मेयर सुमन बहमनी और भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Sep 12, 2026