कोटा दशहरा मेले में चंबल केसरी दंगल का समापन, विजेताओं को मिला 13 लाख का नकद इनाम और 11 क्विंटल घी
राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 के अंतर्गत श्रीराम रंगमंच पर आयोजित राज्य स्तरीय 'चंबल केसरी दंगल' का रोमांचक और भव्य समापन हुआ। इस प्रतिष्ठित आयोजन में राज्यभर से आए सैकड़ों पहलवानों ने अपने दांव-पेच का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दंगल के दौरान कुल 13 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि और पहलवानों की सेहत व ताकत को बढ़ाने के लिए 11 क्विंटल शुद्ध घी वितरित किया गया। जिसने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
समापन समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, विधायक संदीप शर्मा ने की। इस अवसर पर कुश्ती संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजीव दत्ता, महापौर अनुसुइया गोस्वामी और मेला अधिकारी ओपी मेहरा समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने सभी विजेताओं और उपविजेताओं को नकद पुरस्कार राशि, गुर्ज और पारंपरिक दुपट्टा प्रदान कर सम्मानित किया।
*रोमांचक रहे खिताबी मुकाबले: साहिल और मोनिका बने 'चंबल केसरी'*
दंगल के दौरान पुरुष और महिला दोनों वर्गों में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जिनमें 31 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि दांव पर थी।
पुरुष फ्री स्टाइल चंबल केसरी: अलवर के साहिल खान ने फाइनल मुकाबले में भरतपुर के दीपक को कड़े संघर्ष के बाद 3-1 से हराकर 'चंबल केसरी' का खिताब अपने नाम किया। दीपक भरतपुर द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि खुशपाल और राहुल जाट ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। पूर्व के विजेता रहे दोनों खिलाड़ियों के बीच यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा।
महिला हाड़ी रानी चंबल केसरी: महिलाओं के वर्ग में हनुमानगढ़ की मोनिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भीलवाड़ा की क्षीरजा गुर्जर को 3-0 से पराजित कर 'हाड़ी रानी चंबल केसरी' का खिताब जीता। इस वर्ग में मनीषा माली और योगिता तोमर तृतीय स्थान पर रहीं।
चंबल कुमार (फ्री स्टाइल): झुंझुनू के अनुज गुर्जर प्रथम रहे। राजसमंद के शिव ओम चौधरी उपविजेता (द्वितीय) रहे, तथा भीलवाड़ा के रोहित प्रजापति व अजमेर के आर्यन शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
चंबल बसंत टाइटल: भीलवाड़ा के रिकी बिश्नोई प्रथम, सीकर के राकेश कुमार मीणा द्वितीय, तथा भीलवाड़ा के सोमवीर गुर्जर व विजय सिंह गुर्जर तृतीय स्थान पर रहे।
ग्रीको रोमन (चंबल केसरी): सीकर के शानू ने प्रथम स्थान और जयपुर के भीष्म सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अमित चौधरी (झुंझुनू) और लक्षित सोनी (ब्यावर) तृतीय रहे।
ग्रीको रोमन (चंबल कुमार): बीकानेर के जगमाल सिंह विजेता बने, जयपुर के विष्णु कुमार उपविजेता रहे, और सुभाष बारी (बीकानेर) व रोहन सैनी (भीलवाड़ा) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
हाड़ी रानी कुमारी: भीलवाड़ा की कविता माली प्रथम, सविता माली (भीलवाड़ा) द्वितीय, तथा वर्षा खोखावत (उदयपुर) व कविता माली तृतीय स्थान पर रहीं।
फ्री स्टाइल हाड़ी रानी किशोरी: कोमल वर्मा प्रथम, कशिश गुर्जर द्वितीय, तथा प्रिया वर्मा व संध्या विश्नोई तृतीय स्थान पर रहीं।
*टीम चैंपियनशिप और प्रोत्साहन*
ओवरऑल प्रदर्शन की बात करें तो पुरुष फ्री स्टाइल मुकाबले में भीलवाड़ा ने 50 अंक प्राप्त कर सर्वाधिक अंक हासिल किए। वहीं, ग्रीको रोमन प्रतियोगिताओं में जयपुर ने 40 अंक और महिला वर्ग के मुकाबलों में भीलवाड़ा ने 65 अंक प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
इस दौरान प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पहलवानों को नकद राशि के साथ विशेष रूप से 5-5 किलो घी और प्रत्येक प्रतिभागी को 1 किलो घी पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया, जिससे पहलवानों में भारी उत्साह देखने को मिला।
Sangod, Kota | Nov 4, 2026