कोटा के रामगंजमंडी की कृषि उपजमंडी में अजब नजारा, ट्रैक्टर पर चढ़ गया ट्रैक्टर, क्रेन से उतारना पड़ा नीचे
रामगंजमंडी। कृषि उपज मंडी में बुधवार को ट्रैक्टर खाली करने के दौरान अचानक ऐसा हादसा हुआ कि मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। ट्रैक्टर को आगे-पीछे करने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह उछलकर सामने खड़े दूसरे ट्रैक्टर के ऊपर जा चढ़ा। हादसे के बाद मंडी में लोगों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। सामने खड़े ट्रैक्टर में भी कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना हादसा गंभीर रूप ले सकता था। घटना में ट्रैक्टर को नुकसान पहुंचा। वहीं, ऊपर चढ़े ट्रैक्टर को नीचे उतारने के लिए क्रेन बुलाई गई। क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को सुरक्षित नीचे उतारा गया। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। कुछ देर के लिए मंडी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Sangod, Kota | Nov 4, 2026