दस सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम प्रधान संगठन कीर्तिनगर के आह्वान पर बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय में सांकेतिक तालाबंदी कर प्रदर्शन किया गया। प्रधानों ने ग्राम प्रधानों का मानदेय 20 हजार रुपये प्रतिमाह करने की प्रमुख मांग उठाई।
संगठन अध्यक्ष वासुदेव भट्ट ने कहा कि सरकार के समक्ष पिछले चार माह से मांगें रखी जा रही हैं, लेकिन अब तक ठोस निर्णय नहीं हुआ है। प्रधानों ने वार्ड सदस्यों को बैठक में प्रतिभाग करने पर मानदेय देने, ग्राम पंचायतों को राज्य व केंद्रीय वित्त की धनराशि बढ़ाने, पंचायतीराज एक्ट में शामिल 29 विभाग पंचायतों को हस्तांतरित करने तथा विधायक-सांसद निधि की तर्ज पर ग्राम प्रधान निधि गठित कर 10 लाख रुपये तक के कार्य ग्राम पंचायतों से कराने की मांग की। साथ ही मनरेगा में नेटवर्क समस्या को देखते हुए श्रमिकों की उपस्थिति ऑफलाइन कराने और मजदूरी बढ़ाने की मांग भी रखी।