30 बीसी सखियों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित, ग्रामीणों तक पहुंचेंगी डिजिटल बैंकिंग सेवाएं
मध्यप्रदेश दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के मध्य हुए एमओयू के तहत चयनित बीसी सखियों के लिए जिला पंचायत मंडला स्थित आजीविका मिशन के जिला कार्यालय में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में 30 बीसी सखियों को आईपीपीबी की कार्यप्रणाली, सेवाओं एवं डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि बीसी सखियाँ ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर पहुँचकर वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराएंगी तथा ग्रामीणों को डिजिटल लेनदेन के प्रति जागरूक करेंगी। इससे ग्रामीणों को बैंक शाखाओं तक पहुंचने में लगने वाले समय और खर्च से राहत मिलेगी।
बीसी सखियाँ ऑनलाइन खाता खोलने, बीमा सेवाएं उपलब्ध कराने, आधार सक्षम भुगतान प्रणाली (एईपीएस) के माध्यम से नकद निकासी, बिजली बिल भुगतान, मोबाइल एवं डीटीएच रिचार्ज सहित विभिन्न डिजिटल सेवाएं ग्रामीणों तक पहुंचाएंगी। इन सेवाओं के संचालन के लिए बीसी सखियों की आईडी तैयार की जाएगी।
उन्मुखीकरण कार्यक्रम के दौरान मिशन द्वारा आईपीपीबी के साथ इंडिविजुअल बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (आईबीसी) के रूप में कार्य करने हेतु 30 में से 26 बीसी सखियों का ऑनबोर्डिंग किया गया। कार्यक्रम में जिला मिशन प्रबंधन इकाई मंडला के जिला परियोजना प्रबंधक श्री भगवानदास भैंसारे, जिला प्रबंधक सूक्ष्म वित्त श्रीमती सीमा झारिया तथा आईपीपीबी से सुश्री श्रुति चौरसिया (एक्जीक्यूटिव) एवं श्री रितेश जंघेला (उड़ान एक्जीक्यूटिव) उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
1 views | Mandla, Madhya Pradesh | Jun 24, 2026