नेकी की दीवार पर धार्मिक चित्रों को लेकर विवाद मामले में रेडक्रॉस सोसायटी अध्यक्ष डॉ केदारनाथ शर्मा ने दी सफाई
कहा गंदगी फैला रहे लोगों को जागरूक करने बनवाई जा रही थी पेंटिंग
दमोह। शहर के कॉपरेटिव बैंक चौराहा स्थित वृद्धाश्रम के बाहर बनी ‘नेकी की दीवार’ जरूरतमंदों को कपड़े उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई थी। यहां लोग अपने अनुपयोगी वस्त्र छोड़ सकते थे और जरूरतमंद उन्हें ले सकते थे। समय के साथ कुछ लोगों ने यहां गंदे कपड़े, पुराने गद्दे और अन्य अनुपयोगी सामान डालना शुरू कर दिया, जिससे स्थल की व्यवस्था प्रभावित होने लगी।
इस समस्या के समाधान के लिए रेडक्रॉस सोसायटी ने दीवार पर धार्मिक चित्र बनवाने का निर्णय लिया, ताकि लोगों में जागरूकता आए और वे वहां कचरा न फेंकें। दीवार पर भगवान श्रीराम और हनुमानजी की पेंटिंग बनाए जाने पर हिंदू संगठन के सदस्य नित्या प्यासी ने आपत्ति जताते हुए कोतवाली थाना में आवेदन देकर रेडक्रॉस अध्यक्ष डॉ. केदारनाथ शर्मा के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी।
वहीं आज शुक्रवार दोपहर डॉ. शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि चित्र केवल स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से बनवाए गए थे। उन्होंने बताया कि आपत्ति के बाद पेंटिंग तत्काल हटवा दी गई थी।
Damoh, Damoh | Jun 13, 2026