### सूरवाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फायरिंग के तीन आरोपी 4 घंटे में गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो N जब्त
पुरानी रंजिश के चलते लोरवाड़ा गांव में अमर सिंह पर की थी फायरिंग, घुटने में लगी थी गोली; शिवाड़ चौकी और बौंली पुलिस की मदद से आरोपियों को दबोचा
सवाई माधोपुर। जिले के सूरवाल थाना क्षेत्र के लोरवाड़ा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो N गाड़ी भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल एवं सीओ सिटी राजेन्द्र कुमार मीना के सुपरविजन में सूरवाल थानाधिकारी राकेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
### पुरानी रंजिश में अमर सिंह पर की थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार 12 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच लोरवाड़ा निवासी हिस्ट्रीशीटर अविनाश उर्फ राजू पंडित अपने साथियों के साथ बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो N में सवार होकर गांव पहुंचा। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते अविनाश ने सड़क पर खड़े अमर सिंह गुर्जर पर फायरिंग कर दी। गोली अमर सिंह के बाएं पैर के घुटने में लगी। घायल को परिजनों ने उपचार के लिए सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर पहुंचाया।
घायल के पर्चा बयान के आधार पर सूरवाल थाने में मुकदमा नंबर 190/2026 धारा 109(1), 189(2) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
### नाकाबंदी कर पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
फायरिंग की सूचना मिलते ही थानाधिकारी ने जिला कंट्रोल रूम को सूचित कर जिलेभर में नाकाबंदी करवाई। इस दौरान पुलिस चौकी शिवाड़ के कांस्टेबल बनवारी एवं रामावतार को संदिग्ध स्कॉर्पियो दिखाई दी। पुलिस को देखकर आरोपी सारसोप से टापुर की तरफ भागने लगे।
शिवाड़ चौकी पुलिस ने स्कॉर्पियो का पीछा करते हुए लगातार कंट्रोल रूम को लोकेशन की जानकारी दी। इसके बाद बौंली थाना पुलिस को भी सूचना दी गई। बौंली थानाधिकारी जितेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ ग्राम बंधायल पहुंचे और घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को स्कॉर्पियो सहित डिटेन कर लिया।
### ये तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अनुसंधान के बाद निम्न तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
* अविनाश उर्फ राजू पंडित (28) पुत्र दिलीप कुमार, निवासी लोरवाड़ा, थाना सूरवाल।
* शंकरलाल मीना (32) पुत्र चन्दालाल, निवासी बरखेड़ा, थाना शिवदासपुरा, जयपुर।
* योगेश मेघवाल (20) पुत्र ओमप्रकाश, निवासी जीतापाड़ा, हाल निवासी जगतपुरा, जयपुर।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो N वाहन जब्त कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे का अनुसंधान किया जा रहा है।