संचालनालय आयुष, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में जिले की समस्त आयुष संस्थाओं में 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस ‘‘स्वस्थ भविष्य के लिये आयुर्वेद’’ की मुख्य थीम पर आधारित है। कार्यक्रम की श्रृंखला में मुख्य जिला स्तरीय आयोजन 23 सितम्बर 2026 को आयोजित किया जाएगा।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि अभियान के तहत जिले में आयुर्वेद स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता, औषधीय पौधों की पहचान, उपयोग एवं उनके संरक्षण पर विशेष गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इसके साथ ही आमजन को दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं योग संबंधी जानकारी देने के साथ-साथ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर, प्रकृति परीक्षण, जीवनशैली मूल्यांकन तथा योग एवं ध्यान सत्रों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा एवं जोड़ रोगों की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य परामर्श दिए जा रहे हैं। आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयुष स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्वस्थ वृद्धावस्था एवं पोषण विषय पर व्याख्यान दिए जा रहे हैं। साथ ही पर्यावरण व स्वास्थ्य संवर्धन हेतु औषधीय पौधों का रोपण कर आयुर्वेद वाटिका का विकास भी किया जा रहा है।
*विद्यार्थियों के लिए आयोजित हो रही प्रतियोगिताएं*
छात्र-छात्राओं में आयुर्वेद के प्रति रुचि जागृत करने के उद्देश्य से विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर व्याख्यान, क्विज, निबंध तथा पोस्टर व पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिला आयुष प्रशासन द्वारा जिले के नागरिकों से इन कार्यक्रमों और शिविरों में सहभागिता कर आयुर्वेद के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई है।
Department of Ayush, Madhya Pradesh
#shivpuri