सेना भर्ती रैली की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित
कलेक्टर श्री मिश्रा ने व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अभ्यर्थियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 28 जुलाई से 08 अगस्त तक नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाली सेना भर्ती रैली की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं समन्वित रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि भर्ती रैली में बड़ी संख्या में आने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने आयोजन स्थल पर शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं, एम्बुलेंस, अस्थायी विश्राम व्यवस्था, स्वच्छता, चलित शौचालय, यातायात प्रबंधन तथा सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सेना भर्ती कार्यालय (ARO) के भर्ती निदेशक कर्नल जयशंकर सिंह ने भर्ती प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए जिला प्रशासन के साथ समन्वय पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और सेना के बेहतर तालमेल से भर्ती रैली का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित होगा।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने नगर निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, विद्युत वितरण कंपनी, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों को माइक्रो प्लान के अनुसार सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में आयोजन से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#Bhopal
Bhopal, Madhya Pradesh | Jul 13, 2026