सरकार पूरा कर रही युवाओं से किया वादा: कृषि मंत्री
एक्सरे टेक्नीशियन और होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के चयनित अभ्यर्थियों को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र
देवरिया, 19 सितंबर 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग की ओर से एक्सरे टेक्नीशियन और होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के साथ जिले के चयनित अभ्यर्थियों के लिए स्थानीय कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा युवाओं को रोजगार देने का वादा नियुक्ति पत्र वितरण के माध्यम से पूरा हो रहा है। बिना भेदभाव के चयनित अभ्यर्थी इसका प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न गांवों के छात्र-छात्राओं और युवाओं ने चयनित होकर जनपद का नाम रोशन किया है।
विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने चयनित अभ्यर्थियों से सेवा भाव के साथ जनपद, प्रदेश और देश की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की वर्ष 2024 में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया के तहत जिले के 8 होम्योपैथिक फार्मासिस्ट और 5 एक्सरे टेक्नीशियन चयनित हुए हैं।
कार्यक्रम में सीडीओ राजेश कुमार, प्रभारी सीएमओ डॉ. एसके सिन्हा, एसीएमओ डॉ. अजीत कुमार सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. विपिन रंजन, जिला होम्योपैथिक अधिकारी सहित आयुष विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
#Deoria #DeoriaNews #AppointmentLetter #HealthDepartment #AyushDepartment #XRayTechnician #HomeopathicPharmacist #DeoriaPost