नवीन मंडी में डीएम का औचक निरीक्षण, अधूरे काम पर एक सप्ताह की मोहलत
#देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को नवीन मंडी स्थल देवरिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन दुकानों, नीलामी चबूतरा, जलापूर्ति, नाली और आंतरिक मार्गों के निर्माण व मरम्मत कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
डीएम ने मंडी परिसर में निर्माणाधीन 25 ‘स’ श्रेणी की दुकानों, छायादार नीलामी चबूतरे, चार वाटर स्टैंड पोस्ट, आरसीसी नाली तथा आंतरिक मार्गों के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अधूरे कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप होने चाहिए। नाली और आंतरिक मार्गों का काम समय से पूरा कराकर जल निकासी और आवागमन की व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने व्यापारियों और आमजन के लिए पेयजल व्यवस्था की जानकारी लेते हुए वाटर स्टैंड पोस्ट और जलापूर्ति का कार्य जल्द पूरा कराने को कहा। साथ ही दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। जिन दुकानों में सामान रखा है, उन्हें खाली कराकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए हैंडओवर कराने को कहा गया।
पुरानी दुकानों के आवंटन से संबंधित पत्रावलियां भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि लंबित कार्रवाई जल्द पूरी की जा सके।
डीएम ने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने या निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही मिलने पर वेतन रोकने की कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई।
निरीक्षण के दौरान डीएसटीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएसटीओ आनंद चौरसिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।