देवरिया में स्कूल में खेलते समय 11वीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम
देवरिया के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी विद्यालय में शुक्रवार दोपहर खेलते समय 11वीं कक्षा का 16 वर्षीय छात्र अचानक जमीन पर गिर पड़ा। स्कूल स्टाफ उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार जयराम कौड़ियां गांव निवासी नारायण का इकलौता बेटा आयुष कुमार शुक्रवार को रोज की तरह स्कूल गया था। दोपहर में गेम पीरियड के दौरान वह सहपाठियों के साथ मैदान में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ा। साथी छात्रों के शोर मचाने पर स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा और आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद आयुष को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इकलौते बेटे की मौत से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के मुताबिक आयुष पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित था और उसका इलाज चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
#Deoria #DeoriaNews #Salempur #DeoriaPost #BreakingNews #UPNews