प्रायोजन एवं पालक देखभाल अनुमोदन समिति की बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता
सुरेंद्र ठाकुर
चम्बा, 2 सितंबर।
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में बुधवार को मिशन वात्सल्य के अंतर्गत प्रायोजन एवं पालक देखभाल अनुमोदन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पात्र बच्चों को आर्थिक एवं सामाजिक सहायता उपलब्ध करवाने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि बच्चों का संरक्षण, शिक्षा, कल्याण और समुचित विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र बच्चों की पहचान प्रक्रिया को मजबूत करने, मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा योजनाओं के तहत मिलने वाली सहायता की निरंतरता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और बाल हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में प्रायोजन कार्यक्रम के तहत 92 बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है। वहीं, 26 बच्चों के संबंध में बाल कल्याण समिति द्वारा योजना का लाभ समाप्त किए जाने की जानकारी समिति के समक्ष रखी गई।
इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिए कि योजना से बाहर किए गए बच्चों में से जो बच्चे पात्र हों, उन्हें उनकी आवश्यकतानुसार ‘सुख आश्रय’ अथवा ‘सुख शिक्षा’ योजना से लाभान्वित करने की संभावनाओं पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
बैठक में 22 नए बच्चों को प्रायोजन योजना के तहत लाभ प्रदान करने संबंधी मामलों की भी समीक्षा की गई। पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद समिति ने 22 नए मामलों को अनुमोदित कर दिया।
इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 69 बच्चों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को पात्र बच्चों को नियमानुसार और समयबद्ध आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। अतिरिक्त बजट की आवश्यकता होने पर महिला एवं बाल विकास निदेशालय से पत्राचार करने को भी कहा गया।
बैठक में जिला बाल संरक्षण अधिकारी राजेश राम, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष युगल किशोर मरवाह, बाल संरक्षण अधिकारी रिंकू शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Chamba, Chamba | Sep 2, 2026