ग्राम खजरी फुलसा की सावन मुंगरो नदी में 40 बोरियों से बोरी बंधान कर जल संरक्षण का दिया संदेश
=============================
जल संचय अभियान के अंतर्गत विकासखंड जुन्नारदेव के ग्राम खजरी फुलसा की सावन मुंगरो नदी में आज जल संरक्षण एवं जल संचय के उद्देश्य से लगभग 40 बोरियों की सहायता से बोरी बंधान का कार्य किया गया। मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं एवं प्रस्फुटन समिति के सदस्यों द्वारा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जुन्नारदेव सुश्री रश्मि चौहान के मार्गदर्शन में तथा विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने के नेतृत्व में यह गतिविधि आयोजित की गई।
इस कार्य में पंख सामाजिक विकास संस्थान जुन्नारदेव की सुश्री आर्या गुप्ता, सुश्री निमांशी रामपुरे एवं सुश्री आस्था खातरकर ने भी सहभागिता की। वर्तमान में क्षेत्र के जल स्रोतों एवं नदी-नालों में जल का बहाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। ऐसे में जल संरक्षण के लिए यह समय उपयुक्त है। बोरी बंधान गतिविधि का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल का संरक्षण करना, भूजल स्तर में वृद्धि करना तथा ग्रामीणों को जल के महत्व के प्रति जागरूक करना है। बोरी बंधान के माध्यम से वर्षा के पानी को रोककर जमीन में जल का पुनर्भरण करने में सहायता मिलती है, जिससे भविष्य में जल संकट की समस्या को कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मेंटर श्रीमती दीपा पाटिल ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व की जानकारी देते हुए जल के अनावश्यक उपयोग को रोकने तथा जल स्रोतों को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं मेंटर सुश्री योगिता मर्सकोले ने जल संचय अभियान के अंतर्गत उपस्थितजनों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। यह गतिविधि जिला समन्वयक श्री जैन के मार्गदर्शन एवं विकासखंड समन्वयक श्री बामने के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस अवसर पर सुश्री योगिता मर्सकोले, सुश्री दीपा पाटिल, एमएसडब्ल्यू छात्राएं नीता यदुवंशी, यशोदा यदुवंशी, प्रेरणा यदुवंशी एवं दिव्या वरकड़े सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे और गतिविधि में सहभागिता की। अंत में सुश्री योगिता मर्सकोले ने उपस्थितजनों को संकल्प दिलाया कि सभी मिलकर जल संरक्षण करेंगे तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए जल की एक-एक बूंद बचाने में अपना योगदान देंगे।
#जल_संचय_अभियान
#बोरी_बंधान
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
Chhindwara, Madhya Pradesh | Nov 5, 2026