राजकीय महाविद्यालय चम्बा में दो दिवसीय करियर प्लानिंग एवं व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का शुभारम्भ
राजकीय महाविद्यालय चम्बा के करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल (करियर परामर्श एवं स्थानन सेवा प्रकोष्ठ), राष्ट्रीय सेवा योजना ( एन एस एस ) के सयुंक्त तत्वावधान में निम्बस संस्थान, चंडीगढ़ के सहयोग से दो दिवसीय करियर प्लानिंग एवं व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का शुभारम्भ किया गया। कार्यशाला के उद्घाटन समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राकेश राठौर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।
उक्त जानकारी देते हुए राजकीय महाविद्यालय चम्बा के करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के प्रभारी प्रोफेसर अविनाश ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. चमन सिंह, प्रोफेसर निशा, डॉ. शिल्पा, प्रोफेसर संतोष, करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के प्रभारी प्रोफेसर अविनाश, सेल की सदस्य डॉ. विदुषी शर्मा एवं डॉ. परनिता गुरदेल, निम्बस संस्थान से श्री पारस तथा विभिन्न विभागों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यशाला में निम्बस संस्थान, चंडीगढ़ के फैकल्टी सदस्य श्री जीवेश ने स्रोत व्यक्ति के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के शुभारम्भ अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर राकेश राठौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के लिए अपने करियर का सही समय पर चयन, लक्ष्य निर्धारण, प्रभावशाली संचार कौशल एवं व्यक्तित्व विकास भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों के प्रति जागरूक रहने तथा उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण एवं रोजगारोन्मुखी मार्गदर्शन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में स्रोत व्यक्ति श्री जीवेश ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने की संभावनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) तथा हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (HPAS) की परीक्षाओं की तैयारी, परीक्षा पैटर्न, पाठ्यक्रम, अध्ययन सामग्री के चयन एवं समय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।
उन्होंने विद्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षा के तीन प्रमुख चरणों—प्रारंभिक परीक्षा (Preliminary Examination), मुख्य परीक्षा (Main Examination) एवं व्यक्तित्व परीक्षण/साक्षात्कार (Personality Test/Interview), बैंकिंग, पुलिस, बीमा, रक्षा सेवाएं, थल सेना, वायु सेवा, नेवी सेवा इत्यादि की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इन परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित अध्ययन, समसामयिक घटनाओं की जानकारी, विश्लेषणात्मक क्षमता, तार्किक सोच तथा लेखन कौशल का विकास अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने समूह चर्चा (Group Discussion), साक्षात्कार की तैयारी, प्रभावशाली संवाद एवं संचार कौशल, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता तथा सकारात्मक दृष्टिकोण जैसे व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता एवं क्षमताओं के अनुरूप करियर का चयन करने तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न करियर अवसरों, प्रतियोगी परीक्षाओं, प्रशासनिक सेवाओं एवं रोजगार की संभावनाओं से परिचित करवाने के साथ-साथ उनमें आवश्यक व्यावसायिक दक्षताओं एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी कौशलों का संवर्धन करना है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने करियर संबंधी विभिन्न विषयों पर गहरी रुचि दिखाई तथा स्रोत व्यक्ति से अपने प्रश्नों के माध्यम से मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यशाला के आगामी सत्र व दूसरे दिन में भी विद्यार्थियों को करियर नियोजन, व्यक्तित्व विकास एवं रोजगार प्राप्ति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जाएंगी।
Chamba, Chamba | Nov 4, 2026