गांव-गांव में विकास को गति देने, पात्र हितग्राहियों को उनका हक दिलाने तथा किसानों सहित आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है- पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया
==
जन विश्वास अभियान से आमजन की समस्याओं के निराकरण को मिल रही गति - विधायक श्री खटीक
==
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता- जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति पटेल
==
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्या का समाधान उनकी पहुंच के निकट करना है- कलेक्टर श्री यादव
=
हटा में आयोजित शिविर में विधायक एवं कलेक्टर ने विभागीय स्टॉल का किया अवलोकन
=
मौके पर ही आवेदन का किया गया निराकरण
==
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत हटा में आयोजित शिविर के प्रारंभ में हटा विधायक उमा देवी खटीक एवं कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉल पर उपलब्ध जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली तथा हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हितग्राहियों को संबंधित योजनाओं की पात्रता, प्रक्रिया एवं लाभ के बारे में अवगत कराया।
जनविश्वास शिविर में विधायक हटा उमा देवी खटीक ने एक टीबी मरीज को फूड बास्केट वितरित किया। इससे उपचार के साथ मरीज को पोषण संबंधी सहयोग भी मिलेगा साथ ही कमजोर नजर वाले स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित दो बच्चों को मंच से निःशुल्क चश्मा वितरित किया गया। चश्मा मिलने पर बच्चे के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा वर्ष 2013 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संबंध में व्यक्त की गई अपेक्षाएं और भविष्यवाणी आज साकार होती दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास और भारत को विश्व स्तर पर अग्रणी बनाने के लिए निरंतर कार्य किया है।
उन्होंने कहा गांव-गांव में विकास को गति देने, पात्र हितग्राहियों को उनका हक दिलाने तथा किसानों सहित आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए शिविर आयोजित कर व्यक्तिगत रूप से सुनवाई की जा रही है।
डॉ. कुसमरिया ने कहा जनविश्वास अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की व्यक्तिगत समस्याओं और लंबित कार्यों की जानकारी लेकर उनके निराकरण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
हटा विधायक उमा देवी खटीक ने कहा शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को उनकी पात्रता के अनुसार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के निराकरण और योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी लगन एवं तत्परता से कार्य किया जा रहा है।
विधायक श्री खटीक ने कहा हटा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए एक विधायक के रूप में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने तथा जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होने कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आमजन के जनकल्याण से जुड़े कार्यों का निराकरण करना तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना है।
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है, उन्होंने कहा गांवों के विकास तथा ग्राम पंचायतों को बेहतर बनाने के लिए सभी स्तरों पर चिंतन किया गया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए तथा जिन पात्र लोगों को अभी तक शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए।
श्रीमति पटेल ने कहा समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने आवश्यक हैं। उन्होंने कहा जनविश्वास अभियान के तहत आगे भी इसी प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र की जनता को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके निकट ही उपलब्ध कराया जा सके।
कलेक्टर ने मौके पर ही आवेदकों की समस्या निराकृत करने के दिए निर्देश
शिविर में आमजन द्वारा प्रस्तुत आवेदनों को पूरी संवेदनशीलता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदकों को शिविर में अपने सम्मुख बुलाकर उनकी समस्या एवं आवेदन को समझते हुए समुचित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी पहुंच के निकट करना है, इसलिए प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्रवाई की जाए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
क्षेत्र के उद्यमियों से कलेक्टर ने किया संवाद, विकास को गति देने
आवश्यक सहयोग का दिया भरोसा
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने क्षेत्र के उद्यमियों से चर्चा कर उनकी आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नए उद्यम स्थापित करने की दिशा में आवश्यकतानुसार हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
3 views | Damoh, Madhya Pradesh | Sep 18, 2026