पीएम मोदी के जन्मदिवस पर 10 हजार दीपों से रोशन हुआ बाजार, घंटों व्यापार रहा प्रभावित
आयोजन के बाद कुछ फिसले तो कुछ का बॉटल में भरकर तेल ले जाते वीडियो वायरल, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
दमोह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार शाम को सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशासन ने जिले में 6 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा था। जिला मुख्यालय पर कीर्ति स्तंभ से घंटाघर तक 10 हजार दीप जलाए गए।
शहर में दीप प्रज्वलन की तैयारियों के लिए शाम करीब 4 बजे से बैरिकेड लगाकर मुख्य बाजार की एक साइड का यातायात रोक दिया गया। दीप सजाने और प्रज्वलन के चलते यह व्यवस्था करीब चार घंटे तक जारी रही। इस दौरान बाजार की दुकानों के सामने दीप लगाए गए। कुछ दुकानदारों के अनुसार शाम के समय रास्ता बंद होने से ग्राहकी प्रभावित हुई। और व्यापारियों का लाखों रुपए का व्यापार प्रभावित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभावित होने और आयोजन के लिए मुख्य मार्ग का उपयोग किए जाने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानक पटेल ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि दीप प्रज्वलन के लिए अन्य खुले स्थानों का उपयोग किया जा सकता था।
वहीं ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पं. मनोज देवलिया ने आयोजन में खर्च और यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाए। कार्यक्रम के बाद कुछ स्थानों पर बच्चे और लोग बुझ चुके दीपों की बजह से फिसलते तो कुछ बचा हुआ तेल बोतलों में एकत्र कर ले जाते भी नजर आए। प्रशासन के अनुसार जिलेभर में निर्धारित स्थलों और ग्राम पंचायतों में दीप प्रज्वलित किए गए।
हालाकि गुरुवार रात 10 बजे मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र सिंह लोधी ने आयोजन की जानकारी दी। लेकिन जागरूक लोगों ने इस आयोजन को लेकर भी शासकीय कर्मचार्ताओं की ड्यूटी लगाए जाने पर व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।
Damoh, Damoh | Sep 18, 2026