*प्रेस नोटः- चित्रकूट पुलिस*
*दिनांकः 09.09.2026*
*भाद्रपद मास अमावस्या मेला को सकुशल संपन्न कराए जाने के दृष्टिगत मंदाकिनी भवन सीतापुर में पुलिस अधीक्षक चित्रकूट द्वारा मेला में तैनात पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई*
भाद्रपद मास अमावस्या मेला को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से आज *दिनांक 09.09.2026* को मंदाकिनी भवन, सीतापुर में *पुलिस अधीक्षक चित्रकूट श्री अरुण कुमार सिंह* द्वारा *अपर पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष कांत राय* की उपस्थिति में मेला ड्यूटी में लगे समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदाकिनी नदी में स्नान एवं दर्शन हेतु आते हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं सुगम दर्शन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर समय से तैनात रहकर पूर्ण सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करें। ड्यूटी के प्रति किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए मुख्य निर्देश:*
1. सभी पुलिस अधिकारी/कर्मचारी अपने पास वायरलेस हैंडसेट एवं लाउड हेलर अवश्य रखें, जिससे आपात स्थिति में त्वरित संवाद स्थापित किया जा सके।
2. सभी जोनल एवं सेक्टर प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की उपस्थिति एवं कार्यशैली का निरीक्षण करें।
3. स्नान घाटों, मंदिर परिसरों, पार्किंग एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर कड़ी नजर रखी जाए।
4. महिला श्रद्धालुओं एवं बच्चों की सुरक्षा हेतु महिला पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
5. यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान का कड़ाई से पालन कराया जाए।
*मेला सुरक्षा व्यवस्थाः*
मेले को सकुशल संपन्न कराने हेतु सम्पूर्ण पुलिस बल को *07 जोन एवं 22 सेक्टर* में विभक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर *क्षेत्राधिकारी नगर श्री सत्येन्द्र सिंह, क्षेत्राधिकारी मऊ श्री फहद अली, क्षेत्राधिकारी राजापुर श्री यामीन अहमद, क्षेत्राधिकारी लाइन्स श्री राज कमल, क्षेत्राधिकारी फायर श्री यदुनाथ सिंह, प्रतिसार निरीक्षक श्री राम शीष यादव* एवं मेला ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक ने अंत में सभी को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय एवं तत्परता के साथ कार्य कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुखद दर्शन उपलब्ध कराया जाए।