दिव्यांगजनों के लिए एडिप योजना सबसे महत्वपूर्ण : नपा अध्यक्ष श्रीमती शशि यादव
..
गंजबासौदा में सहायक उपकरण वितरण शिविर में 100 दिव्यांगजनों को 304 जीवन सहायक सामग्री वितरित
..
भारत सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें एडिप (ADIP) योजना दिव्यांगजनों के लिए महत्वपूर्ण योजना है। योजना के तहत दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनकी आवश्यकता के अनुसार जीवन सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। इससे दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन के कार्यों में सुविधा मिलने के साथ-साथ उनकी गतिशीलता एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलता है।यह बात नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शशि अनिल यादव ने नगर पालिका परिषद गंजबासौदा में आयोजित खंडस्तरीय दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण शिविर में कही। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहायता पहुंचाना है। दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें सामान्य जीवन जीने में सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
100 दिव्यांगजनों को वितरित किए 304 उपकरण -
नगर पालिका परिषद में आयोजित शिविर में कुल 100 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया था। पूर्व में आयोजित परीक्षण शिविर में चिन्हित दिव्यांगजनों को आज सहायक उपकरण वितरित किए गए। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा एलिमको कंपनी के सहयोग से आयोजित शिविर में 100 हितग्राहियों को कुल 304 जीवन सहायक सामग्री प्रदान की गई।
उज्जैन से आई एलिमको कंपनी की टीम ने उपकरण वितरण में सहयोग किया। हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, छड़ी, बैसाखी, कान की मशीन, ब्लाइंड स्टिक, नी-केप, स्मार्ट केन सहित विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
नपा अध्यक्ष श्रीमती यादव ने कहा कि शासन की योजनाओं के माध्यम से गरीब, असहाय एवं दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों को आवागमन तथा दैनिक गतिविधियों में सुविधा होगी और वे अधिक आत्मनिर्भरता के साथ अपने कार्य कर सकेंगे।
एडिप योजना दिव्यांगजनों के लिए मददगार : देवेंद्र यादव -
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र यादव ने कहा कि एडिप योजना दिव्यांग एवं निशक्तजनों के जीवन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के अंतर्गत जरूरतमंद हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जनपद अध्यक्ष श्रीमती नीतू देवेंद्र रघुवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण मिलने से उनके दैनिक जीवन में सुविधा होगी।
उपकरण प्रदान कर किया सम्मान -
शिविर में दिव्यांगजनों को जीवन सहायक उपकरण प्रदान करने के साथ ही उनका सम्मान भी किया गया। हितग्राहियों को फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। उपकरण प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों में शासन की इस पहल को लेकर उत्साह देखा गया। शिविर की व्यवस्थाओं एवं संचालन की जिम्मेदारी सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्रीमती मोनिका भार्गव ने संभाली। सामाजिक न्याय विभाग एवं एलिमको की टीम द्वारा हितग्राहियों को उपकरणों के उपयोग संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जगदीश व्यास, पार्षद श्रीमती नीलू चौबे, संजय भावसार, नारायण सोनी, शुभम रघुवंशी, सुनील साहू, मनोज अहिरवार, सरदार अहिरवार, राकेश खटीक, शिवराज सेन, ओंकार सिंह, धर्मेंद्र कुशवाहा, नगर पालिका सीएमओ अशोक वर्मा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी मोनिका भार्गव, राहुल पंथी, पेंशन योजना प्रभारी सुशील कुमार रिछारिया, जितेंद्र अरोरा, सुनीता जैन, रमाकांत श्रीवास्तव, दिनेश साध्य, विपिन स्वामी, शुभम शर्मा, तपस्या शर्मा सहित नगर पालिका एवं सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। Jansampark Madhya Pradesh #vidisha