अखिलेश बोले- भाजपा जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा: दोनों MLC सीटें जितवाकर बाबा विश्वनाथ ने डबल आशीर्वाद दिया
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “भाजपा जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा। भाजपा जाएगी तो हमारा किसान मुस्कुराएगा, युवा मुस्कुराएंगे।"
अखिलेश काशी की शिक्षक और स्नातक, दोनों एमएलसी सीटों पर सपा की जीत के बाद पहली बार वाराणसी पहुंचे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तंज कसा। कहा, "काशी को क्योटो तो नहीं बना पाए, लेकिन कम से कम क्योटो की तस्वीर ही लगा देते। क्योटो की तस्वीर क्यों नहीं लगाई?"
एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान अखिलेश ने कहा, "बाबा विश्वनाथ जी ने आशुतोष सिन्हा को जिताया, लाल बिहारी को जिताया। बाबा विश्वनाथ ने दोहरा आशीर्वाद दिया।"