शाम 4 बजे ही बंद किया खाद गोदाम, लाइन में लगे किसानों को लौटाया; किसानों में रोष
मुरैना। जिले में खाद वितरण व्यवस्था को लेकर किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को मुरैना स्थित DMO खाद गोदाम पर उस समय हंगामे जैसी स्थिति बन गई, जब गोदाम को शाम करीब 4 बजे ही बंद कर दिया गया।
खाद लेने के लिए किसान पहले से ही लाइन में खड़े थे, लेकिन गोदाम बंद होने के बाद उन्हें बिना खाद दिए वापस जाने के लिए कहा गया। इससे किसानों में नाराजगी देखने को मिली।
मामले को लेकर जब गोदाम प्रभारी अभिषेक शर्मा से सवाल किए गए तो आरोप है कि उन्होंने मोबाइल छीनने का प्रयास किया और मौके पर मौजूद किसानों को भी वहां से चले जाने के लिए कहा।
वहीं, कुछ किसानों ने खाद वितरण में अतिरिक्त पैसे लिए जाने के आरोप भी लगाए हैं। किसानों का कहना है कि खाद के लिए उन्हें घंटों लाइन में इंतजार करना पड़ रहा है और इसके बावजूद समय से पहले गोदाम बंद कर दिए जाने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
#मुरैना #morena #किसान #खाद