चंबल में रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 250 ट्रॉली अवैध रेत का किया नष्टीकरण
मुरैना पुलिस द्वारा अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिलेभर में अवैध रेत कारोबारियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चन्दौरिया के मार्गदर्शन में थाना सरायछौला पुलिस, वन विभाग एवं एसएएफ के संयुक्त बल ने ग्राम पिपरई और बिंडवा चंबल क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रूप से भंडारित रेत को नष्ट किया।
संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए मौके पर करीब 250 ट्रॉली (लगभग 500 घनमीटर) अवैध रेत बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके बाद 2 जेसीबी मशीन और 3 लोडर की मदद से पूरी रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चंबल क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।