मोटरसाइकिल में छिपे सांप ने युवक को डसा, गंभीर हालत में रीवा रेफर,,
गुढ़। रीवा जिले के गुढ़ कस्बे में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मोटरसाइकिल में छिपे एक विषैले सांप ने युवक को डस लिया। सर्पदंश से घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे तत्काल उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुढ़ निवासी ओम प्रकाश गुप्ता अपनी मोटरसाइकिल के पास पहुंचे थे और उसे चालू करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बाइक के अंदरूनी हिस्से में पहले से छिपे सांप ने अचानक हमला करते हुए डस लिया।
सर्पदंश की घटना सामने आते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल युवक को संभाला और बिना समय गंवाए निजी वाहन से रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल के लिए रवाना किया।
परिजनों के अनुसार युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए रीवा भेजा गया है। घटना के बाद क्षेत्र में मोटरसाइकिलों और वाहनों की जांच को लेकर भी लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने वाहन चालू करने से पहले उसके अंदरूनी हिस्सों की सावधानीपूर्वक जांच करने की अपील की है।