प्रेस विज्ञप्ति- 4
नालन्दा।
..........................
*E2 Foundation के महिला बिज़ कार्यक्रम का JEEViKA के सहयोग से दो दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न*
बिहारशरीफ, 25 जुलाई E2 Foundation द्वारा संचालित महिला बिज़ (MahilaBiz) कार्यक्रम के अंतर्गत JEEViKA (BRLPS) के सहयोग से 23 एवं 24 जुलाई को बिहारशरीफ में 27 ग्रामीण महिला उद्यमियों (Rural Women Entrepreneurs) के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं की उद्यमिता क्षमता को सशक्त बनाना, व्यवसाय विस्तार की रणनीतियों, विपणन, वित्तीय प्रबंधन तथा ऋण तक बेहतर पहुँच के विषय में व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
प्रशिक्षण को सहभागितापूर्ण बनाने के लिए वीडियो, समूह गतिविधियाँ, खेल और व्यावहारिक अभ्यासों का उपयोग किया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि प्रत्येक महिला उद्यमी को अपनी व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक यात्रा साझा करने का अवसर मिला, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा और प्रतिभागियों के बीच सीखने का सकारात्मक माहौल बना।
कार्यक्रम में जीविका, नालंदा के जिला परियोजना प्रबंधक (DPM) श्री संजय कुमार पासवान, युवा पेशेवर अमित वैभव एवं प्रखंड परियोजना प्रबंधक (BPM) श्री सुधीर दुबे ने भाग लेकर महिलाओं को व्यवसाय विस्तार के लिए उपलब्ध वित्तीय अवसरों और जिम्मेदारीपूर्वक ऋण उपयोग के महत्व पर मार्गदर्शन दिया।
एक ग्रामीण महिला उद्यमी ने कहा, “इस प्रशिक्षण ने मुझे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का आत्मविश्वास और नई सोच दी।”
श्री संजय कुमार पासवान, जीविका, नालंदा ने कहा, “E2 Foundation के साथ यह पहल महिलाओं को सशक्त उद्यमी बनाने और उनकी आजीविका को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। महिला उद्यमियों की ज़्यादा लोन की ज़रूरतों को 'जीविका निधि', व्यक्तिगत वित्त और अन्य बैंक योजनाओं के ज़रिए पूरा किया जाएगा।“
श्री काशीनाथ, नेशनल लीड, E2 Foundation ने कहा, “महिला बिज़ कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को ज्ञान, कौशल और वित्तीय अवसरों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर उद्यमी बनाना है। जीविका के साथ यह साझेदारी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
JEEVIKA Bihar
19 views | Nalanda, Bihar | Jul 25, 2026