🔹रायसेन में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का जिला स्तरीय कार्यक्रम संपन्न
🔹विद्यार्थियों ने चित्रों और विचारों के माध्यम से प्रस्तुत किया विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत का सपना
🔹विधायक डॉ चौधरी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मीणा ने विद्यार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र
––––
––––
#सेवा_संकल्प_अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और विचार अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का जिला स्तरीय कार्यक्रम रायसेन स्थित शासकीय आदर्श कन्या विद्यालय में आयोजित किया गया। जिसमें सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, श्री राकेश शर्मा तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और सृजनात्मकता के माध्यम से भारत के भविष्य की तस्वीर को रंगों में उकेरा। विद्यार्थियों के चित्रों में विकसित भारत, स्वच्छ एवं सुंदर भारत, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, विज्ञान एवं तकनीक, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक एकता जैसे विषय प्रमुखता से दिखाई दिए। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया और सराहना की।
वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए देश के विकास, नागरिक जिम्मेदारियों, शिक्षा, नवाचार, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रभावी ढंग से विचार रखे। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों के भारत की कल्पना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों की रचनात्मक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ ही उन्हें राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विचार यह दर्शाते हैं कि नई पीढ़ी विकसित, समृद्ध, स्वच्छ और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अपनी भूमिका को लेकर सजग है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Bhopal Commissioner Collector Office Raisen
Raisen, Madhya Pradesh | Sep 26, 2026