खेती को सुरक्षित और लाभकारी बनाए रखना है तो प्राकृतिक खेती की ओर लौटना होगा- राज्यमंत्री श्री पटेल
=
रसायनों के उपयोग से मित्र पक्षियों की संख्या में आई कमी
==
किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत मानस भवन में आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला संपन्न
==
कीटनाशकों एवं रसायनों के अत्यधिक प्रयोग के कारण खेतों में पाए जाने वाले मित्र कीट एवं पक्षियों की संख्या तेजी से घट रही है, पहले खेतों में बड़ी संख्या में पक्षी दिखाई देते थे, जो अब विलुप्त होने की कगार पर हैं। रासायनिक खेती का दुष्प्रभाव केवल पर्यावरण पर ही नहीं बल्कि मानव स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। लगातार बढ़ते कीटनाशक एवं खरपतवारनाशी के उपयोग से भूमि की उर्वरता कम होने तथा भविष्य में जमीन के बंजर होने का खतरा बढ़ रहा है, इस आशय की बात प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल ने मानस भवन में आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला में कही।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने किसानो से कहा प्राकृतिक खेती, जैविक उपायों एवं परंपरागत कृषि पद्धतियों को अपनाना चाहिए क्योकि रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से खेती की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है तथा मिट्टी की उर्वरक क्षमता लगातार कम होती जा रही है, उन्होने कहा आधुनिक खेती में रसायनों और दवाइयों पर अत्यधिक निर्भरता ने कृषि को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने किसानों से जीवामृत एवं अन्य प्राकृतिक उपायों को अपनाने का आग्रह करते हुए कहा यदि खेती को सुरक्षित और लाभकारी बनाए रखना है तो प्राकृतिक खेती की ओर लौटना होगा।
उन्होने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “चलो खेत की ओर” आह्वान का उल्लेख करते हुए खेती को बचाने और प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किए जाने की बात भी कही। उन्होने कहा सरकार किसानों की आय बढ़ाने एवं बेहतर उत्पादन के लिए लगातार प्रयासरत है, लेकिन टिकाऊ खेती के लिए प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाना आवश्यक है। किसानों से रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर पर्यावरण अनुकूल कृषि की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला में पूर्व वित्त मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत मलैया ने प्राकृतिक खेती को समय की आवश्यकता बताया।
42 views | Damoh, Madhya Pradesh | Jun 19, 2026