*जिलाधिकारी ने मध्य विद्यालय लखनपुर का किया औचक निरीक्षण, शैक्षणिक एवं बुनियादी व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
*दिनांक 12 नवम्बर 2026:-* जिलाधिकारी, भागलपुर श्रीमती अलंकृता पांडे द्वारा मध्य विद्यालय, लखनपुर भागलपुर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं, मध्याह्न भोजन योजना के संचालन, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं विद्यालय परिसर की समग्र स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा कक्षाओं में जाकर पढ़ाई की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं पठन-पाठन की व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की स्थिति एवं गुणवत्ता का भी जायजा लिया।
उन्होंने भोजन की स्वच्छता, पौष्टिकता, निर्धारित मेन्यू के अनुरूप भोजन तैयार किए जाने तथा बच्चों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने रसोईघर एवं भोजन तैयार करने वाले स्थान की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया। इसके अतिरिक्त विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शौचालयों, पेयजल की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने तथा बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के महत्व पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक भोजन एवं सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। विद्यालयों की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, स्वच्छता एवं मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
जिला जन-सम्पर्क कार्यालय,
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar