एचआईवी/एड्स जागरूकता को लेकर व्याख्यान एवं जांच शिविर आयोजित
जोगिंद्रनगर/पंकज पालिया।
राजीव गांधी स्मारक राजकीय महाविद्यालय, जोगिंद्रनगर में रेड रिबन क्लब (RRC) एवं एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में एचआईवी/एड्स के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण एवं वैज्ञानिक जानकारी देने के साथ-साथ एचआईवी जांच की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रकाश चौहान ने विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स के कारणों, बचाव के उपायों एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी देते हुए जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। आईसीटीसी काउंसलर करिश्मा वर्मा ने एचआईवी संक्रमण के कारणों, इसके फैलने के तरीकों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच करवाने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में करीब 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक एचआईवी जांच करवाई तथा एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने और इससे जुड़े भेदभाव को समाप्त करने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर रेड रिबन क्लब की समन्वयक प्रो. कौमुदी शर्मा तथा एनसीसी समन्वयक लेफ्टिनेंट डॉ. स्मृति भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स के संबंध में सही जानकारी प्रदान करने के साथ समाज में व्याप्त भ्रांतियों एवं भेदभाव को दूर करने के लिए जागरूक करना रहा।
Jogindarnagar, Mandi | Sep 12, 2026