ग्राम आवलिया में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में नुक्कड़ नाटक और चित्रकला के जरिए दिया जागरूकता का संदेश
---
"सुरक्षित बचपन अभियान" के अंतर्गत ‘जागरूक भारत, सशक्त भारत’ की थीम पर शुक्रवार को ग्राम पंचायत आंवलिया में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अनिल चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए सरल, सहज एवं रोचक तरीके से उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानून की महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने पोक्सो अधिनियम, गुड टच-बैड टच, यातायात नियमों एवं साइबर अपराधों के संबंध में विस्तार से समझाया।
न्यायाधीश श्री चौधरी ने बच्चों को बताया कि उन्हें अपने साथ होने वाले किसी भी गलत व्यवहार के प्रति सजग रहना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में चुप रहने के बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह ने बच्चों एवं उपस्थितजनों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी दी।
शिविर के दौरान बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का अनूठा संदेश दिया। बच्चों द्वारा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति एवं कानूनी अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। वहीं ‘जागरूक भारत, सशक्त भारत’ विषय पर आयोजित चित्रकला गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रंगों के जरिए जागरूक एवं सशक्त समाज की तस्वीर उकेरी। इसके साथ ही बच्चों ने मार्शल आर्ट के माध्यम से आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया । शिविर के अंत में विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिविर में उदय सामाजिक संस्था की डायरेक्टर सिस्टर रोशनी, आवलिया के सरपंच श्री रामदास पटेल, पंचायत सचिव श्री जयपाल तोमर, पैरा लीगल वालंटियर श्री गणेश कनाडे एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of School Education, Madhya Pradesh
Home Department of Madhya Pradesh
#khandwa