अति पिछड़े वर्गों के लिए राज्य आयोग के माननीय अध्यक्ष डॉ० नवीन कुमार आर्य द्वारा पश्चिम चम्पारण जिले का किया गया भ्रमण।
सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश।
सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार द्वारा गठित अति पिछड़े वर्गों के लिए राज्य आयोग को पंचायती राज विभाग, बिहार की अधिसूचना के माध्यम से बिहार पंचायत आम निर्वाचन, 2026 में पिछड़े वर्गों को आरक्षण प्रदान किए जाने की पात्रता की समीक्षा हेतु समर्पित आयोग (Dedicated Commission) के रूप में अधिसूचित किया गया है।
इसी क्रम में अति पिछड़े वर्गों के लिए राज्य आयोग के माननीय अध्यक्ष डॉ० नवीन कुमार आर्य द्वारा पश्चिम चम्पारण जिले का भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान माननीय अध्यक्ष के द्वारा जिला अतिथि गृह सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, जिला पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी, अपर जिला पंचायत राज पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी बिहार पंचायत आम निर्वाचन, 2026 के मद्देनजर अति पिछड़े वर्गों को आरक्षण प्रदान किए जाने की पात्रता के निर्धारण हेतु सर्वेक्षण कार्य एवं पंचायतों से संबंधित आवश्यक अध्ययन के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
तत्पश्चात माननीय अध्यक्ष द्वारा प्रखंड बैरिया के सूर्यपुर पंचायत, प्रखंड बगहा-1 के लगुनाहा चौतरवा पंचायत तथा प्रखंड मझौलिया के जौकटिया पंचायत का भ्रमण किया गया। इस क्रम में संबंधित पदाधिकारियों एवं आमजनों को अति पिछड़े वर्गों के आरक्षण की पात्रता के निर्धारण हेतु किए जा रहे सर्वेक्षण के उद्देश्यों एवं प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही सर्वेक्षण कार्य में अपेक्षित सहयोग प्रदान करने की अपील की गई।
माननीय अध्यक्ष ने बताया कि आयोग द्वारा पंचायतवार एवं प्रखंडवार आवश्यक सूचनाओं, अभिलेखों एवं संबंधित आंकड़ों का संकलन एवं विश्लेषण किया जाएगा। इसके आधार पर समुचित अध्ययन कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar