ट्रैक्टर पलटने से घायल श्रद्धालुओं का हाल जानने मेडिकल कॉलेज पहुंचे डीएम, बेहतर उपचार के दिए निर्देश
सभी घायल खतरे से बाहर, विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा उपचार, डीएम ने स्वयं मरीजों से की बातचीत, नियमित अपडेट देने के निर्देश
उरई (जालौन)। जनपद में सदूपुरा और कनासी के बीच सोमवार को श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर पर करीब 19 से 20 पुरुष, महिलाएं और बच्चे सवार थे, जो ग्राम कैलिया खुर्द से हरदोई की ओर जा रहे थे। नवरात्रि का व्रत पूरा होने के बाद श्रद्धालु जवारे लेकर जा रहे थे। दुर्घटना में कुछ श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंच पहुंचाया गया। इनमें से कुछ घायलों को बेहतर उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार सीएचसी कोंच में किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी समीर ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई पहुंचकर घायल श्रद्धालुओं के उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने घायलों से स्वयं बातचीत कर उनका हाल जाना और चिकित्सकों से उनकी स्थिति तथा उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं को बेहतर उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज लाया गया है। यहां सीएमओ, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) सहित नेत्र रोग एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक घायलों के उपचार में लगे हैं। चिकित्सकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं। कुछ लोगों के सिर में चोटें आई हैं, जबकि एक-दो घायलों में फ्रैक्चर की जानकारी मिली है। अन्य को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायल होश में हैं और बातचीत कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि घायलों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जाए और आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घायल के उपचार की नियमित निगरानी की जाए तथा मरीजों की स्थिति से उन्हें व्यक्तिगत रूप से समय-समय पर अवगत कराया जाए, ताकि उपचार व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए। जिला प्रशासन की ओर से घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
Orai, Jalaun | Oct 19, 2026