*शेरघाटी में दर्दनाक हादसा, मां के साथ नदी गया 6 साल का मासूम डूबा, मौ+त*
*शेरघाटी (गयाजी):* थाना क्षेत्र के बूढ़ी नदी में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान महमदपुर गांव निवासी प्रमोद मांझी के इकलौते बेटे प्रेम कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को उसकी मां बूढ़ी नदी में कपड़ा साफ करने गई थी। उसके साथ प्रेम कुमार भी गया था। कपड़ा धोने के दौरान प्रेम नदी में नहाने लगा और गहरे पानी में चला गया। गहराई अधिक होने के कारण वह डूब गया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा है।