औरंगाबाद में 684 किराये के आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण, डीएम अभिलाषा शर्मा के आदेश पर चला विशेष अभियान।
औरंगाबाद जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था सुधारने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के आदेश पर आज जिले के सभी प्रखंडों में किराये के भवनों में चल रहे कुल 684 आंगनबाड़ी केंद्रों का एक साथ विशेष स्थलीय निरीक्षण किया गया।
*वरीय पदाधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी*
निरीक्षण के लिए डीएम ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों को वरीय दंडाधिकारी और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को सहायक दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया था। सभी पदाधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में जाकर केंद्रों की हकीकत परखी।
*इन बिंदुओं पर हुई जांच*
जांच का मुख्य उद्देश्य यह देखना था कि केंद्रों का संचालन विभाग द्वारा निर्धारित मानकों और एकरारनामा में तय शर्तों के अनुसार हो रहा है या नहीं। इस दौरान अधिकारियों ने —
- बच्चों के लिए शौचालय, पेयजल, बिजली और किचन जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति
- केंद्र की साफ-सफाई और भवन की स्थिति
- बच्चों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली।
*रिपोर्ट पर होगी कार्रवाई*
जिला पदाधिकारी ने जांच पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया था कि निरीक्षण के दौरान यदि कहीं भी अनियमितता या मानकों में कमी मिलती है, तो उसका स्पष्ट उल्लेख प्रतिवेदन में करें। निरीक्षण के दौरान फोटो और वीडियो भी बनाए गए हैं।
जिला प्रशासन ने कहा है कि आंगनबाड़ी केंद्रों में मानकों का पालन और बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। निरीक्षण रिपोर्ट आने के बाद जहां कमी पाई जाएगी, वहां सुधारात्मक और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।