बख्तियारपुर मध्य विद्यालय में दो शिक्षकों पर गंभीर आरोप, छात्राओं से पैर दबवाने का आरोप; जांच की मांग
गोह/औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड अंतर्गत उपहारा थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय बख्तियारपुर में दो शिक्षकों पर छात्राओं से पैर दबवाने का गंभीर आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद मंगलवार को दर्जनों ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए और विरोध जताते हुए हंगामा किया।
ग्रामीणों द्वारा मामले की शिकायत किए जाने की सूचना पर गोह के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) अशोक कुमार विद्यालय पहुंचे। उन्होंने शिकायत करने वाली छात्राओं से बातचीत की और उनके बयान दर्ज किए। इसके बाद मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गंभीरता से जांच होनी चाहिए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाए।
हालांकि, शिक्षकों पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। शिक्षा विभाग की जांच और संबंधित पक्षों के बयान सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।