सहरसा में बड़ा हादसा: तिलावे नदी में नाव पलटी, महिला की मौत, 12 वर्षीय किशोरी लापता
सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के तरियामा पंचायत अंतर्गत तुर्की गांव स्थित नढ़या घाट पर मंगलवार की शाम दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश और हवा के बीच तिलावे नदी में ग्रामीणों से भरी एक नाव पलट गई। हादसे के समय नाव पर करीब 15 लोग सवार थे।
नाव पलटने के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 35 वर्षीय रूपम कुमारी की डूबने से मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय किशोरी नेहा कुमारी नदी में लापता हो गई। नाव पर सवार अन्य लोगों को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। लापता किशोरी की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातम पसरा है। घटना का कारण तेज बारिश और हवा को बताया जा रहा है।