*मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक में नकारात्मक समाचारों की समीक्षा, तथ्यों के आधार पर त्वरित अनुपालन एवं खंडन सुनिश्चित करने का निर्देश*
================
सारण , 01 सितंबर 2026
================
जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव के निर्देश के आलोक में आज दिनांक 01 सितंबर 2026 को उप विकास आयुक्त, सारण की अध्यक्षता में मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले से संबंधित विभिन्न *प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं* *सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म* पर प्रकाशित एवं प्रसारित नकारात्मक समाचारों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान संबंधित समाचारों में उठाए गए बिंदुओं के आलोक में विभागीय स्तर पर की गई कार्रवाई एवं उसके अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने *मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी* के नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्राप्त समाचारों के आधार पर नियमित रूप से अनुपालन प्रतिवेदन तैयार किया जाए तथा संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक प्रतिवेदन समयबद्ध रूप से प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिन समाचारों में प्रशासन अथवा संबंधित विभाग से जुड़े तथ्यों को सही परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत नहीं किया गया हो, ऐसे मामलों में तथ्यात्मक एवं प्रमाणिक जानकारी के आधार पर आवश्यक खंडन संबंधित प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित एवं प्रसारित कराया जाए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि मीडिया में प्रकाशित एवं प्रसारित समाचारों पर निरंतर एवं प्रभावी निगरानी रखी जाए तथा जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, प्रशासन की ओर से आमजन को सही, प्रमाणिक एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया।
मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी द्वारा जिले से संबंधित समाचारों की नियमित निगरानी करते हुए प्राप्त मामलों पर आवश्यक कार्रवाई, अनुपालन प्रतिवेदन एवं तथ्यात्मक स्पष्टीकरण की प्रक्रिया को प्रभावी एवं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाएगा।
Saharsa, Bihar | Sep 1, 2026