लखनऊ से बेंगलुरु तक तलाश, संतकबीरनगर पुलिस ने बरामद किए 131 गुम मोबाइल
संतकबीरनगर, 16 सितंबर। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में संतकबीरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर 131 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में CEIR पोर्टल और CCTNS प्रणाली के माध्यम से गुम मोबाइलों की तलाश की गई। IMEI नंबर, सिम और ट्रेसबिलिटी से जुड़ी तकनीकी जानकारी का विश्लेषण कर मोबाइलों को चिन्हित किया गया।
पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल संतकबीरनगर के अलावा लखनऊ, बेंगलुरु, बिहार समेत विभिन्न राज्यों और शहरों से भी मिले हैं। संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय कर मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है।
मोबाइल वापस मिलने की सूचना पर स्वामियों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया। पुलिस अधीक्षक ने टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Sep 16, 2026