कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जन हित में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नरवर विकासखंड के ग्राम उरवाह में लगभग 40 वर्षों से बंद पड़े शासकीय रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया है।
ग्राम उरवाह के कृषकों द्वारा कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा की जनसुनवाई तथा जनपद पंचायत नरवर में आयोजित जन विश्वास शिविर में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी। किसानों ने आवेदन के माध्यम से बताया था कि ग्राम उरवाह स्थित शासकीय रास्ता (खसरा नंबर 364, रकबा 0.370 हेक्टेयर) पर गांव के ही अन्य कृषकों द्वारा लगभग 40 वर्षों से अवरोध उत्पन्न कर रास्ता बंद किया गया था। रास्ता बंद होने के कारण किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने और कृषि कार्य करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने एसडीएम ओर तहसीलदार को तत्काल प्रभाव से शासकीय रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए थे। प्राप्त निर्देशों के पालन में प्रशासनिक अमला ग्राम उरवाह पहुंचा, जहां तहसीलदार श्री विजय कुमार त्यागी के नेतृत्व में राजस्व टीम एवं पुलिस बल के संयुक्त सहयोग से मौके पर पहुंचकर शासकीय रास्ते का सटीक सीमांकन किया गया। सीमांकन के पश्चात चूने की लाइन डालकर अतिक्रमण को चिन्हित किया गया तथा जेसीबी मशीन की सहायता से रास्ते से अवरोध हटाकर उसे पूरी तरह से आवागमन के योग्य बनाया गया।
प्रशासन की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से ग्राम उरवाह के किसानों में हर्ष व्याप्त है। किसानों ने प्रशासन द्वारा की गई इस त्वरित व राहतकारी कार्रवाई के प्रति आभार व्यक्त किया है।
Department Of Revenue, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Collector Shivpuri
#Shivpuri
#Narwar