*काली कंबल वाले बाबा के दिव्य दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ा, हजारों लोगों के कल्याण का दावा*
*चित्रकूट | 22 नवंबर*
धर्मनगरी चित्रकूट के सीतापुर स्थित रैन बसेरा में पहली बार काली कंबल वाले बाबा का दिव्य दरबार सजा है। गुजरात से चलकर बाबा प्रभु श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट के सीतापुर पहुंचे हैं। दरबार की खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, वैसे ही सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया।
देखते ही देखते पूरा रैन बसेरा परिसर भक्तों से खचाखच भर गया। चारों तरफ भक्तों की भीड़, हाथों में प्रसाद की थाली और मुंह पर बाबा के जयकारे। बाबा के दरबार में पहुंचे श्रद्धालुओं ने काली कंबल ओढ़कर हाजिरी लगाई और अपनी-अपनी मनोकामना बाबा के चरणों में रखी। इस दौरान पूरा परिसर *"जय काली कंबल वाले बाबा"* के जयकारों से गूंज उठा। महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और युवा सभी भक्ति के रंग में रंगे नजर आए।
*रविवार तक हजारों श्रद्धालु पहुंचे, निःशुल्क सेवा का दावा*
आयोजकों और श्रद्धालुओं के अनुसार रविवार तक दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दरबार में बाबा द्वारा निःशुल्क सेवा किए जाने का दावा किया जा रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा के दरबार में आने के बाद उन्हें बीमारियों से मुक्ति मिली, मानसिक शांति और सुकून भी मिला।
कई श्रद्धालुओं ने बताया कि वे रोते-रोते दरबार में आए थे और हंसते-हंसते वापस गए। कुछ श्रद्धालुओं ने कहा कि लंबे समय से परेशान चल रहे लोगों को दरबार में आने के बाद राहत महसूस हुई। श्रद्धालुओं ने अपने अनुभवों को बाबा की कृपा बताया।
*चित्रकूट में पहली बार लगा दरबार, इसलिए है खास उत्साह*
चित्रकूट में यह पहली बार है, जब काली कंबल वाले बाबा का दरबार लगा है। इसी वजह से क्षेत्र में इस दरबार को लेकर खासा उत्साह और चर्चा है। आसपास के गांवों के साथ ही चित्रकूट, कर्वी, मऊ, मानिकपुर, राजापुर और सतना सहित अन्य जिलों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
लोग एक-दूसरे को फोन करके, व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजकर दरबार की जानकारी दे रहे हैं। सुबह 5 बजे से ही भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लग जा रही हैं। इसके बाद भी भक्तों के चेहरे पर थकान नहीं, बल्कि भक्ति और श्रद्धा की झलक साफ दिखाई दे रही है।
*भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल*
दरबार में भजन-कीर्तन का भी आयोजन हो रहा है, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। ढोलक, हारमोनियम और मंजीरे की धुन पर भक्त झूमते नजर आए। पूरा रैन बसेरा परिसर भक्ति के रंग में डूबा हुआ था।
बाबा का कहना है कि देव जी की कृपा से मानव कल्याण का कार्य निःशुल्क करते हैं। उनका उद्देश्य किसी से कुछ लेना नहीं, बल्कि दुखी, पीड़ित और परेशान लोगों की सेवा करना है।
*प्रतिदिन 25 हजार लोगों को लाभ का दावा*
आयोजकों का दावा है कि प्रतिदिन बाबा के दरबार में 25 हजार लोगों को लाभ मिलता है और अब तक करीब 1 लाख लोग बाबा के दरबार में लाभान्वित हो चुके हैं।
आयोजकों के अनुसार काली कंबल वाले बाबा का यह दरबार *24 नवंबर तक* चलेगा। रोजाना सुबह से देर शाम तक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर सकेंगे। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। दरबार में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और जल की व्यवस्था भी की गई है।
सीतापुर chitrakoot में लगे इस दरबार को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है। लोग कह रहे हैं कि चित्रकूट की धरती पर ऐसे संतों का आना बड़े सौभाग्य की बात है।