चित्रकूट। मारकुंडी थाना क्षेत्र के इटवा डूडैला गांव में जमीनी विवाद दो पक्षों में हुई मारपीट में हुई हत्या के 6 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार घटना में प्रयुक्त लाठी डंडे बरामद। चित्रकूट। मारकुंडी थाना क्षेत्र के इटवा डूडैला गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष और पंकज त्रिपाठी की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के अगले ही दिन रविवार को मारकुंडी पुलिस ने छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल के पास खेत से खून लगे छह लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं। इस हत्याकांड में अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने आज रविवार की दोपहर 3 बजे घटना का अनावरण करते हुए बताया 21 नवंबर को इटवा डूडैला गांव में खेत की जुताई को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। मामले में वादी परशुराम पुत्र चुनवाद मिश्रा ने मारकुंडी थाने में तहरीर देकर बताया कि गांव के ही कुछ लोग उनके खेत में जबरदस्ती जुताई कर रहे थे। इसकी जानकारी होने पर वह अपने परिवार के बुद्धविलास और सत्येंद्र समेत अन्य लोगों के साथ खेत पर उन्हें रोकने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में कई लोग लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग निकले मारपीट की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस तथा पुलिस वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान 35 वर्षीय पंकज त्रिपाठी पुत्र अशोक कुमार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं परशुराम, बुद्धविलास और सत्येंद्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।इस घटना में पंकज की मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने थानाध्यक्ष मारकुंडी को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 70/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 352, 351(3), 109 और 103(1) में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और पुलिस टीम ने रविवार 22 नवंबर को सुबह मुखबिर की सूचना पर सतना-मानिकपुर मार्ग स्थित सरभंगा नाले के पास घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में रामबाबू पुत्र राजकुमार पांडेय, रिशु पुत्र रामबाबू पांडेय, धनीराम पुत्र लालजी मिश्रा, शनि मिश्रा पुत्र सरदारीराम, प्रभा पत्नी धनीराम और आरती पत्नी सरदारीराम निवासी इटवा डूडैला शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल के पास खेत से वारदात में इस्तेमाल किए गए खून लगे छह लाठी-डंडे बरामद किए गए हैं।