यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, डीएम-एसपी ने किया पैदल मार्च
उरई (जालौन)। शहर को जाम और अतिक्रमण से मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया। जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर पैदल मार्च कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पैदल मार्च के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही, सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने, अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने व्यापारियों एवं आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से शहर में जाम की समस्या बढ़ती है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh #उरई #जालौन #कोंच #कालपी #माधौगढ़
Orai, Jalaun | Jul 1, 2026