प्रेस विज्ञप्ति
स्थान : नालंदा
दिनांक–03 सितंबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा
नालंदा में बाढ़ की स्थिति पर प्रशासन पूरी मुस्तैदी से अलर्ट मोड में
• अधिकांश नदियों में जलस्तर सामान्य
• अस्थावां व बिन्द में तटबंध मरम्मत का कार्य जारी
• 24x7 मॉनिटरिंग और कंट्रोल रूम सक्रिय
• प्रशासन ने जारी की जरूरी एडवाइजरी
बिहारशरीफ: नालंदा जिले में अत्यधिक वर्षा के दृष्टिगत जिला प्रशासन पूरी तत्परता एवं मुस्तैदी के साथ पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अंचलवार नदी बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, जिले की अधिकांश नदियों—पंचाने, शाशी, अधियारी, गोईठवा, कुम्भरी, मुहाने, पैमार और सकरी में पानी का बहाव सामान्य बना हुआ है, जबकि हिलसा में लोकाईन नदी का जलस्तर घटा है तथा इसलामपुर, नगरनौसा, चण्डी एवं थरथरी में नदियों में जलभराव की कोई स्थिति नहीं है। अत्यधिक वर्षा के दबाव के कारण प्रखंड अस्थावां के ओन्दा में जीराईन नदी का लगभग 5 मीटर तथा प्रखंड बिन्द के उतरथू में लगभग 3 मीटर तटबंध क्षतिग्रस्त (ब्रीच) हुआ है, जहाँ जलस्तर वर्तमान में सामान्य है तथा बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल, बिहारशरीफ की तकनीकी टीमों द्वारा युद्धस्तर पर मरम्मति व संघर्षात्मक कार्य लगातार जारी है। पूरे जिले में तटबंधों एवं जलस्तर की निगरानी हेतु 24x7 निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।
*प्रशासन की आमजनों से अपील — इन्फॉर्म्ड रहें, सुरक्षित रहें:*
जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह (भा०प्र०से०) ने सभी संबंधित अंचलाधिकारियों को संवेदनशील एवं प्रभावित इलाकों में लगातार माईकिंग कराकर सतर्कता संदेश प्रसारित करने का निर्देश दिया है। आम नागरिकों से अपील की जाती है कि:
*केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही अमल करें:* सोशल मीडिया या असत्यापित स्रोतों से फैलने वाली किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर कतई ध्यान न दें और न ही उन्हें आगे साझा करें।
*जरूरी दस्तावेज व आवश्यक वस्तुएं सुरक्षित रखें:* अपने सभी महत्वपूर्ण पहचान पत्र, जमीन के कागजात, बैंक पासबुक, शैक्षणिक प्रमाण पत्र आदि को वाटरप्रूफ प्लास्टिक बैग/पॉलिथीन में सुरक्षित स्थान पर तैयार रखें। साथ ही आपात उपयोग के लिए टॉर्च, माचिस/मोमबत्ती, पावर बैंक, सूखा भोजन, पीने का साफ पानी, ओआरएस एवं जरूरी दवाइयों की एक इमरजेंसी किट पहले से तैयार कर लें।
*सुरक्षित शरण स्थलों का रुख करें:* जलस्तर बढ़ने या खतरे की आहट होने पर बिना देर किए प्रशासन द्वारा चिह्नित ऊंचे सुरक्षित स्थानों अथवा बाढ़ शरण स्थलों पर तुरंत चले जाएं।
*जलभराव वाले रास्तों से बचें:* बिजली के खंभों, तारों तथा उफनते नालों/पुलियों के पास न जाएं और बच्चों व मवेशियों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें।
*24x7 आपातकालीन सहायता व शिकायत निवारण:*
बाढ़ अथवा जलजमाव से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति, राहत सहायता अथवा सूचना/शिकायत के लिए जिला प्रशासन का नियंत्रण कक्ष तीन पालियों में चौबीसों घंटे कार्यरत है। नागरिक निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
जिला नियंत्रण कक्ष (लैंडलाइन): 06112-233168
मोबाइल हेल्पलाइन: 8789858336
जिला प्रशासन हर नागरिक की सुरक्षा एवं राहत के लिए पूरी तरह मुस्तैद और कटिबद्ध है।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Disaster Management Department Govt. of Bihar
Mausam Bihar- IMD PATNA
45 views | Nalanda, Bihar | Sep 3, 2026