प्रेस विज्ञप्ति
नालन्दा
दिनांक:- 04 सितंबर 2026
....................................
डीएम एवं एसपी ने उथरथू और ओंदा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण
राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
नालन्दा जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री हृदयकांत द्वारा आज उथरथू एवं ओंदा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
इस दौरान अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर की वर्तमान स्थिति, जलनिकासी की व्यवस्था तथा बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का प्रत्यक्ष जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए तथा आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
*राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता*
जिलाधिकारी ने संबंधित अंचल एवं प्रखंड प्रशासन को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित आबादी तक सूखा राशन, सुरक्षित पेयजल, आवश्यक दवाइयां एवं अन्य जरूरी राहत सामग्री की उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित की जाए। जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
*तटबंध एवं जलनिकासी व्यवस्था की 24 घंटे निगरानी*
जल संसाधन विभाग के पदाधिकारियों एवं स्थानीय कर्मियों को जलस्तर एवं तटबंधों की लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही, प्रभावित क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति को देखते हुए जलनिकासी के त्वरित एवं प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया।
*पशु चारा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था*
प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में पशु चारा उपलब्ध कराने तथा पशुपालकों को आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया गया। वहीं, जलजनित बीमारियों की रोकथाम एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप को सक्रिय रखने तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
*फील्ड में मुस्तैद रहें अधिकारी एवं कर्मी*
जिलाधिकारी ने स्थानीय पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आपदा की इस स्थिति में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर स्थिति पर लगातार नजर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रभावित ग्रामीणों से भी सतर्क एवं सावधान रहने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Disaster Management Department Govt. of Bihar
Mausam Bihar- IMD PATNA
Bsdma
Nalanda, Bihar | Sep 4, 2026