न्यायोत्सव 2026 के अंतर्गत भव्य मैराथन का आयोजन, युवाओं ने दिया न्याय एवं विधिक जागरूकता का संदेश
-------------------------------------
विदिशा। मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विदिशा श्री शेख सलीम के मार्गदर्शन में आयोजित न्यायोत्सव 2026 के अंतर्गत आज बुधवार को जिला न्यायालय परिसर विदिशा से "RUN FOR JUSTICE" थीम पर मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन को प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री शेख सलीम द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मैराथन का शुभारंभ जिला न्यायालय परिसर से हुआ। निर्धारित मार्ग के अनुसार मैराथन दुर्गा नगर चौक, अहमदपुर तिराहा, पीतल मिल चैराहा एवं इंडस्ट्रियल एरिया होते हुए पुनः जिला न्यायालय परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
मैराथन में न्यायिक अधिकारीगण, प्रशासनिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पैरालीगल वालेंटियर्स, बडी संख्या में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र छात्राए तथा जिला न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी/कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं ऊर्जा के साथ मैराथन में भाग लेकर विधिक जागरूकता, न्याय तक समान पहुंच तथा सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया।
▪️ न्यायोत्सव आमजन को न्याय से जोडने का सशक्त माध्यम- प्रधान जिला न्यायाधीश -
इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री शेख सलीम ने अपने उद्बोधन में कहा कि न्यायोत्सव का उद्देशय न्यायिक संस्थाओं को आमजन से जोड़ना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक विधिक जागरूकता का संदेश पहुंचाना है। मैराथन केवल शारीरिक स्वास्थ्य एवं फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि यह एकजुटता, अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होने कहा कि युवा पीढ़ी समाज में जागरूकता एवं सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री राजेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का उद्देशय समाज के अंतिम व्यक्ति तक निःशुल्क विधिक सहायता एवं न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। न्यायोत्सव 2026 के माध्यम से आमजन को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं विधिक सेवा संस्थाओं की भूमिका के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों में विद्यार्थियों एवं युवाओं की सहभागिता समाज में विधिक जागरूकता के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं
▪️ बालक एवं बालिका वर्ग के विजेताओं को किया सम्मानित -
प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री शेख सलीम द्वारा मैराथन के समापन उपरांत बालक एवं बालिका वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। बालक वर्ग में प्रथम स्थान सिद्धांत धाकड़, द्वितीय स्थान आदित्य लोधी एवं तृतीय स्थान नरेंन्द्र रैकवार ने हासिल किया तथा बालिका वर्ग में प्रथम स्थान मुस्कान अहिरवार, द्वितीय स्थान कुलसुम अब्दी एवं तृतीय स्थान मान्या सेन ने हासिल किया है।
विजेताओं को सम्मानित करते हुए उपस्थित अतिथियों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, अधिवक्ताओं, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने न्यायोत्सव 2026 के आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता की। इस आयोजन के माध्यम से न्याय, विधिक जागरूकता, सामाजिक समरसता एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। #Vidisha #JansamparkMP