वैज्ञानिक डेयरी प्रबंधन से बढ़ेगी पशुपालक किसानों की आय और पशुओं की उत्पादकता
---------------------------------------------
CII द्वारा विदिशा में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन, पशु पोषण एवं वैज्ञानिक चारा निर्माण की दी गई जानकारी
---------------------------------------------
विदिशा। जिले में डेयरी क्षेत्र को अधिक सशक्त बनाने, पशुपालक किसानों की आय में वृद्धि करने तथा पशुओं की उत्पादकता और स्वास्थ्य में सुधार लाने के उद्देश्य से भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) द्वारा CII-FACE के सहयोग से प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। विगत दिनों अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में संपन्न हुए प्रशिक्षण में जिले के पशुपालक किसानों ने सहभागिता कर डेयरी प्रबंधन से जुड़ी आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी प्रदाय की गई है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र सूद द्वारा डेयरी व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाने के लिए महत्वपूर्ण तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने पशुओं से दूध निकालने की बेहतर एवं स्वच्छ तकनीक, पशुओं के स्वास्थ्य की देखभाल, संतुलित पशु आहार एवं पोषण प्रबंधन तथा गर्मियों के मौसम में पशुओं को हीट स्ट्रेस से बचाने के प्रभावी उपायों के बारे में प्रतिभागियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पशुओं के स्वास्थ्य, उचित पोषण और स्वच्छ दुग्ध उत्पादन की प्रक्रियाओं को अपनाकर दूध की गुणवत्ता एवं उत्पादन में सुधार किया जा सकता है। नाबार्ड की डीजीएम श्रीमती जगप्रीत कौर द्वारा पशुपालक किसानों को पशु किसान क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी दी गई। उन्होंने योजना के माध्यम से पशुपालकों को उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं एवं डेयरी गतिविधियों के विस्तार में इसकी उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्रदान की।
कृषि महाविद्यालय गंजबासौदा के कृषि वैज्ञानिक डॉ. जी.आर. बंसल ने किसानों को कम लागत में पौष्टिक पशु आहार तैयार करने की वैज्ञानिक विधियों से अवगत कराया। उन्होंने भूसे का यूरिया उपचार करने की प्रक्रिया तथा वैज्ञानिक तरीके से कम लागत में कंसंट्रेट पशु आहार तैयार करने की तकनीक समझाई। उन्होंने बताया कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर पशुओं के लिए पौष्टिक आहार तैयार किया जा सकता है, जिससे पशुपालन की लागत को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। विशेषज्ञों ने स्वच्छ दुग्ध उत्पादन, पशुओं का नियमित स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित आहार, वैज्ञानिक चारा निर्माण और आधुनिक डेयरी तकनीकों का उपयोग पशुपालन व्यवसाय की सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। इन उपायों को अपनाकर पशुपालक किसान दूध की गुणवत्ता और उत्पादन बढ़ाने के साथ ही अपनी डेयरी गतिविधियों को अधिक लाभदायक बना सकते हैं।
उघोग विभाग की जीएम श्रीमती जयंती कुमारी ने बताया है कि कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के पशुपालकों को पारंपरिक पशुपालन पद्धतियों के साथ आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ना तथा डेयरी क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं का बेहतर लाभ उठाने के लिए उन्हें प्रशिक्षित करना रहा।
कार्यक्रम में CII-FACE नई दिल्ली की प्रोजेक्ट मैनेजर सुश्री श्रुति शर्मा, विषय विशेषज्ञ श्री जितेंद्र साहू (पूर्व NDDB), मोहाली, पंजाब, CII इंदौर के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर श्री विनय शर्मा, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती जयंती कुमारी, लीड बैंक अधिकारी श्री भगवान सिंह बघेल, नाबार्ड की श्रीमती जगप्रीत कौर, पशु चिकित्सा विभाग के डॉ. आकाश शुक्ला एवं डॉ. संजय भारती, आरसेठी के निदेशक श्री जी.आर. बंसल तथा कृषि महाविद्यालय गंजबासौदा के वैज्ञानिक एवं PNB विदिशा के फार्मर ट्रेनिंग सेंटर के निदेशक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे। #vidisha