मुरैना में 15 नवंबर को दौड़ेंगे 2000 विद्यार्थी, ‘रन फॉर टुमारो’ मैराथन से देंगे स्वस्थ और नशामुक्त समाज का संदेश
मुरैना। स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश लेकर 15 नवंबर को मुरैना की सड़कों पर हजारों विद्यार्थी दौड़ते नजर आएंगे। कैरियर पथ इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित ‘रन फॉर टुमारो स्टूडेंट मैराथन 2026’ में करीब 2000 विद्यार्थियों के शामिल होने की तैयारी है। 11 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं इस मैराथन में हिस्सा लेकर फिटनेस और सकारात्मक सोच का संदेश देंगे।
मैराथन का शुभारंभ रविवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम से होगा। आयोजन का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना और उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
अंबेडकर स्टेडियम से शुरू होकर शहीद संग्रहालय पर होगा समापन
मैराथन का रूट डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम से शुरू होकर और एमएस रोड होते हुए पुल चौराहे तक ओर फिर यहां से प्रतिभागी यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे और शहीद संग्रहालय, मुरैना पर दौड़ का समापन होगा। आयोजन में बालक और बालिकाओं के लिए अलग-अलग पुरस्कार भी रखे गए हैं।
विजेताओं को मिलेंगे 7,100, 5,100 और 3,100 रुपये
प्रतियोगिता में दोनों वर्गों के विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 7,100 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 5,100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3,100 रुपये दिए जाएंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में खेल भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
नशामुक्त और स्वस्थ समाज बनाने की पहल
आयोजन का मुख्य संदेश युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें फिटनेस के प्रति जागरूक करना है। आयोजकों का मानना है कि बचपन और किशोरावस्था से ही विद्यार्थियों को खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनके जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर आदतों का विकास किया जा सकता है।
मैराथन के संयोजक आयुष अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि ‘रन फॉर टुमारो’ के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। इसमें करीब 2000 विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।
रविवार को मुरैना में होने वाली यह मैराथन केवल दौड़ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त भविष्य की ओर ले जाने की एक सकारात्मक पहल होगी।