एसपी दीपक सहारन स्वयं मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया ।
650 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा,सीसीटीवी कैमरों से संदिग्धों पर रहेगी पैनी नजर :- एसपी ।
सिरसा। हरियाणा के मुख्यमंत्री माननीय श्री नायब सिंह सैनी के 12 सितंबर के प्रस्तावित सिरसा दौरे को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। मुख्यमंत्री शनिवार सुबह 9:30 बजे पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। दौरे को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने स्वयं एयर फोर्स से लेकर पंचायत भवन व पुलिस लाइन तक के सभी रूटों का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी उपस्थित पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतनें के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में करीब 650 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी तैनात रहेंगे। कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही आमजन के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार रखने की हिदायत दी गई है।
एसपी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका रहेगी। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे कैमरे संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर नजर रखने में तीसरी आंख का काम करेंगे। इसके अलावा बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय रहेंगी। पुलिस टीमें लगातार चेकिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर नजर रखेंगी। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए यातायात व्यवस्था भी दुरुस्त की गई है। जरूरत के अनुसार प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा और विभिन्न स्थानों पर नाके लगाए जाएंगे। यातायात पुलिस की टीमें तैनात रहकर जाम की स्थिति नहीं बनने देंगी, ताकि आमजन को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि अत्यंत जरूरी काम न हो तो कार्यक्रम के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहन लेकर जाने से बचें। नागरिक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आमजन का सहयोग मिलने से कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकेगा।
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि सिरसा पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कानून व्यवस्था बनाए रखना भी प्राथमिकता रहेगी। यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने या अफवाह फैलाने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य मुख्यमंत्री के दौरे को सुरक्षित, सफल और सुव्यवस्थित बनाना पुलिस की पहली प्राथमिकता रहेगी।
Uklana, Hissar | Sep 11, 2026