दि सहारनपुर वॉइस न्यूज़ 7 सच्चाई के साथ हरदम।
👉🏾👉🏾 सहारनपुर में पुलिस की बड़ी चूक! सुप्रीम कोर्ट के जज को दिया जाना था गार्ड ऑफ ऑनर, गलती से AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को दे दी सलामी, वीडियो वायरल!!
👉🏾👉🏾 ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देने के मामले में पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, एसपी सिटी ने जांच के दिए आदेश!!
सहारनपुर। जनपद में शनिवार को एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने पुलिस की प्रोटोकॉल व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश के स्वागत के लिए पुलिसकर्मियों की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की गई थी, लेकिन न्यायाधीश के पहुंचने से पहले ही AIMIM प्रमुख एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी सर्किट हाउस पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि ओवैसी के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों को देखकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें ही वह विशिष्ट अतिथि समझ लिया, जिनके लिए गार्ड ऑफ ऑनर की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने ओवैसी को औपचारिक सलामी दे दी। ओवैसी भी कुछ देर रुककर सलामी लेते नजर आए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
एसपी सिटी ने जांच के दिए आदेश
मामले में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने प्रोटोकॉल में हुई चूक को स्वीकार करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने बताया कि गार्ड ऑफ ऑनर सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के लिए निर्धारित था, लेकिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से गलतीवश सांसद को सलामी दे दी गई।
गौरतलब है कि असदुद्दीन ओवैसी शनिवार को सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ सहारनपुर पहुंचे थे। दोनों नेताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर की मस्जिद से जुड़े मामले को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात की। इसके बाद दोनों नेता छुटमलपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद के आवास भी पहुंचे।
फिलहाल गार्ड ऑफ ऑनर प्रकरण में पुलिस की चूक को लेकर जांच जारी है।
Behat, Saharanpur | Nov 21, 2026