बूथ निरीक्षण में बीएलओ अनुपस्थित, डीएम ने जताई नाराजगी; स्पष्टीकरण के बाद कार्रवाई के निर्देश
मतदान केंद्रों पर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी
कासगंज, 22 नवंबर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रणय सिंह ने रविवार को जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान बूथों पर उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और निर्वाचन कार्यों की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बूथ संख्या 92 प्राथमिक विद्यालय तिम्बरपुर कक्ष संख्या-1, बूथ संख्या 99 नगर पालिका कार्यालय सोरों कक्ष संख्या-1, बूथ संख्या 100 नगर पालिका कार्यालय सोरों कक्ष संख्या-2, बूथ संख्या 101 नगर पालिका कार्यालय सोरों कक्ष संख्या-3 तथा बूथ संख्या 124 एवं 125 प्राथमिक विद्यालय होडलपुर कक्ष संख्या-1 एवं 2 का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका सोरों स्थित मतदान बूथ पर बीएलओ शीतल अनुपस्थित मिलीं, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबंधित बीएलओ से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि स्पष्टीकरण संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्य में तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर एस.एन. त्रिपाठी, तहसीलदार कासगंज बलवंत उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#DMkasganj